पंखे में लटक कर कामगार ने आत्म हत्या की

बद्दी (सोलन)। बरोटीवाला की एक दवा फैक्टरी में कार्यरत एक कामगार ने पंखे में फंदा लगा कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। पुलिस ने नालागढ़ में पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
पश्चिम बंगाल के जिला मुरशीदाबाद के बरयामपुर निवासी शबूद्दीन पिछले दो माह से बरोटीवाला क्षेत्र के बुरांवाला की साबुन बनाने वाली कंपनी में कार्य करता था। जबकि उसकी पत्नी बरोटीवाला क्षेत्र में एक दवा कंपनी में कार्यरत थी। शनिवार को शबूद्दीन ने भी दवा कंपनी में काम करना शुरू कर दिया था। ड्यूटी से आने के बाद रात को खाना खाने के बाद दोनों सो गए थे। रात मध्य रात्रि जब शबूद्दीन की पत्नी सो गई थी तो उसने पंखे में दुपट्टा बांध तक फंदा लगा लिया।
जब सुबह उसकी पत्नी नींद से जागी तो उसे लटका हुआ देखा। उसने पंचायत के उपप्रधान गुरबख्श खन्ना को सूचना दी। सूचना मिलते ही गुरबख्श खन्ना मौके पर पहुंचे तथा बरोटीवाला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पंखे से नीचे उतारा तथा दोपहर बाद नालागढ़ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करने के बाद शव पत्नी के सुपुर्द कर दिया है।
उपप्रधान गुरबख्श खन्ना ने बताया कि जिस महिला के साथ शबूद्दीन यहां रह रहा था वह उसकी दूसरी बीबी थी। इस महिला से एक बच्ची भी हुई थी जो इन दोनों के साथ बरोटीवाला में ही थी। महिला अपने मृतक पति का शव लेकर पश्चिम बंगाल को रवाना हो गयी है। एसपी अरुल कुमार ने बताया कि बरोटीवाला पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल में ला रही है।

Related posts