न बिजली और न पानी, लोग बेहाल

कालाअंब (सिरमौर)। जाटां वाला गांव में लोगों को बिजली के बिना पीने का पानी भी नसीब नहीं हो पा रहा। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में जहां बिजली न होने से हाल बुरा है। वहीं, आइपीएच विभाग भी बिजली न होने का बहाना बनाकर लोगों को पीने का पानी मुहैया कराने में अपनी लाचारी व्यक्त कर रहा है। ग्रामीणों ने बिजली तथा पानी विभाग को व्यवस्था ठीक करने की चेतावनी दी है। संजीव कुमार, बलदेव सिंह, रोहित सिंह, यशविंदर सिंह, मोहिंद्र सिंह, दीपक कुमार ने बताया कि क्षेत्र में पिछले 15-20 दिन से बिजली के कट लग रहे हैं। ग्रामीणों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली पर्याप्त न होने से लोगों को पीने का पानी भी नहीं मिल पा रहा। वार्ड संख्या-4 मोगीनंद से मुन्ना खान, माया राम, हरि सिंह, इमरान खान, मकसूद ने बताया कि उन्हें पिछले 10 दिन से पीने का पानी नहीं मिल रहा। लोगों का कहना है कि बिना पानी उनके बच्चों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कामकाजी महिलाओं को पानी की ढूंढ में घरों से अकेले ही दूर निकलना पड़ रहा है। उधर आईपीएच विभाग के क्षेत्रीय कनिष्ठ अभियंता जोगिंदर सिंह ने बताया कि बिजली की आंख मिचौली के चलते विभाग की मोटरों को नुकसान पहुंच रहा है। यही कारण है कि ग्रामीणों को पीने का पानी समय पर नहीं मिल पा रहा।

Related posts