न पानी न पार्किंग ऊपर से जाम और गंदगी

शिमला राजधानी के टुटू बाजार में मुश्किलों का अंबार है। किसी समय में टूटु घणाहट्टी, सायरी, धामी सहित आसपास के क्षेत्र की मुख्य मार्केट हुआ करती थी। समय के साथ छोटे कस्बों में मार्केट जरूर बनी मगर आज भी टुटू बाजार की अहमियत कम नहीं हुई है। बाजार की शक्ल और सूरत में दिन रात का बदलाव आया। सड़क किनारे पार्किंग के अभाव के कारण खड़ी गाड़ियों के कारण बाजार की सड़क तंग हो गई है। मार्केट से ग्राहक का सुरक्षित निकलना मुश्किल हो जाता है। यही नहीं बाजार में दुकानदारों को अपना सामान तक उतारना मुश्किल हो जाता है। यूं तो बाजार से सुबह आठ से शाम आठ बजे तक सिर्फ वनवे ट्रैफिक शिमला की ओर किया गया है। बावजूद बाजार में लोगों का पैदल चलना आसान नहीं है। बाजार में एक भी ऐसा नल नहीं जिससे कारोबारी पानी भर सकें। निर्धारित समय पर पानी आता है, मगर उस समय बाजार ही नहीं खुला होता। मुख्य चौक पर एक मात्र शौचालय तो है, मगर इसकी साफ सफाई नहीं होती। रैन शैल्टर के पीछे की गंदगी और कूड़ा शायद ही कभी उठता हो। सुबह सड़क पर तो सफाई होती है, मगर इसका कूड़ा नालियों और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के नीचे ही जाता है। मुख्य बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है।

टुटू में बने पार्किंग : सुरेंद्र ठाकुर
व्यापार मंडल टु़टू के उपाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर मानते है कि टुटू में बहुमंजिला पार्किँग का निर्माण होने से बाजार की अधिकतर समस्या दूर हो जाएगी। ग्राहक को भी गाड़ी खड़ी करने को जगह नहीं है। इससे कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों और आम लोगों को पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। प्याऊ लगाने को व्यापार मंडल सहयोग करने को तैयार है, मगर इसकी देखरेख की जिम्मेदारी नगर निगम या आईपीएच ले।

रेलवे स्टेशन के समीप बने शौचालय
टुटू चौक के एक मात्र शौचालय में सफाई व्यवस्था सही नहीं है। बाजार के कारोबारियों और यहां हर रोज आने वाले सैकड़ों लोगों की संख्या को देखते हुए शौचालय की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। रेलवे स्टेशन के समीप भी एक अतिरिक्त शौचालय बने।
जीत राम ठाकुर, कारोबारी

सिर्फ सड़क पर होती है सफाई
टुटू बाजार में रोजाना झाड़ू तो लगता है, मगर सफाई कर्मी कूड़े को उठाने की बजाए नालियों पर पार्क गाड़ियों के पीछे फेंक देते हैं। वहीं मुख्य चौक पर बने रैन शैल्टर के पीछे भी गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। जिससे हर समय चौक पर दुर्गंध आती रहती है। गर्मियों में समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
कर्ण गुप्ता, सब्जी विक्रेता

बाजार में तय हो अनलोडिंग प्वाइंट
बाजार में सड़क के तंग होने से कारोबारियों को सामान उतारना मुश्किल हो जाता है। गाड़ी खड़ी करने पर चालान हो जाता है। इसलिए बाजार में सामान उतारने के लिए या तो समय तय हो या फिर स्थान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
अरुण गुप्ता, गुप्ता बिजनेस स्टोर

लागू नहीं होता वन वे ट्रैफिक आदेश
टुटू बाजार की तंग सड़क और किनारे पर पार्क वाहनों को देखते हुए पॉवर हाउस से मुख्य चौक तक सुबह आठ से शाम आठ बजे तक वन वे ट्रैफिक किया गया है। इससे काफी हद तक समस्या भी हल हुई है, मगर हर समय इस पर पुलिस को भी चैक रख पाना मुश्किल होता है। कम से कम चौक से रेलवे स्टेशन तक वन वे को सख्ती से लागू किया जाए।
मधु गुप्ता, डेली नीड्स स्टोर

कारोबारियों तथा लोगों के लिए हो पानी की व्यवस्था
बाजार में लगे पब्लिक टेब में पानी निर्धारित समय पर आता है। आम कारोबारियों को घरों से ही पानी लाना पड़ता है। बाजार में आने वाले आम लोगों के लिए भी कहीं भी पानी का नल नहीं है। इसलिए बाजार में एक टेब लगवाया जाए, जिसमें हर समय पानी उपलब्ध रहे।
गोल्डी, होटल कारोबारी

बाजार में खुले पुलिस चौकी या थाना
टुटू बाजार में यूं तो सुबह आठ से शाम आठ बजे तक पुलिस कर्मी होता है, मगर शाम ढलने पर यहां शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले परेशान करते हैं। चौकी के यहां से उठने के बार से शांति व्यवस्था में खराब हुई है। चौकी को टुटू में ही खोला जाना जरूरी है।
हेत राम भारद्वाज, स्थानीय निवासी

सफाई व्यवस्था में हो सुधार
टुटू बाजार में जो सफाई होती है, वह पर्याप्त नहीं है। शौचालय का रखरखाव सही ढंग से हो और बाजार में भी सफाई की व्यवस्था में सुधार किया जाना जरूरी है।
विनोद कुमार, कारोबारी

Related posts