
मंडी। ऐतिहासिक पड्डल मैदान में खेली जा रही 7वीं शिवा क्रिकेट चैंपियनशिप में न्यू चैलेंजर्स खलियार इलेवन और नटराज एकादश ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। मंगलवार को प्रतियोगिता का पहला मैच सीएमबी जेल रोड और न्यू चैलेंजर्स के बीच खेला गया। इसमें सीएमबी ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकट पर 76 रन बनाए। नवीन ने 21 और विकास ने 18 रनाें का योगदान दिया।
न्यू चैलेंजर्स की ओर से ललित और लतु ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू चैलेंजर्स की टीम ने 4 विकेट खोकर 77 रन बनाए। इसमें लक्की के18 और सूरज के 11 रनों का योगदान रहा। न्यू चैलेंजर्स ने 6 विकेट से जीत दर्जकर अगले दौर में प्रवेश पाया। दिन का दूसरा मैच खलियार एकादश और जूनियर नसलोह के बीच खेला गया। खलियार ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 99 रन बनाए। इसमें राजू ने 30 और राजीव ने 13 रनों का योगदान दिया।
जवाब में नसलोह की टीम 5 विकेट पर 95 रन ही बना पाई। इसमें महेश के 36 और कुशाल के 22 रन शामिल रहे। खलियार ने संघर्ष पूर्ण मुकाबले को 4 रनों से जीत लिया। दिन का तीसरा मैच नागराज एकादश और कामेश्वरी एकादश के बीच खेला गया। नागराज एकादश ने 7 विकेट पर 81 रन बनाए। इसमें ललित के 26 और राजीव के 13 रन शामिल रहे। कामेश्वरी की ओर से ओम प्रकाश और हितेश ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कामेश्वरी एकादश की टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खो कर 62 रन ही बना पाई। इसमें गिन्नी के 19 और हितेश ने 12 रन बनाए। नागराज की ओर से अमन ने दो विकेट लिए। नागराज ने 19 रनों से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश पाया।
