
सोलन। सीटू जिला कमेटी के आह्वान पर क्षेत्रीय सीटू कमेटी ने शनिवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर मांगों के लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। जिसमें कमेटी ने न्यूनतम वेतन 10 हजार और अंशकालिक प्रथा को खत्म करने की मांग की।
इस दौरान सीटू एरिया कमेटी अध्यक्ष सुभाष जडे़जा ने कहा कि प्रदेश में अन्य राज्यों की अपेक्षा मजदूरों का न्यूनतम वेतन बहुत कम है। जिससे मजदूर वर्ग के लोगों का जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है। वहीं प्रदेश सरकार की अंशकालिक प्रथा के चलते मिड डे मील वर्कर, आंगनबाड़ी कर्मचारी, वाटर गार्ड सहित अन्य चतुर्थ श्रेणी वर्ग के साथ पेंशन और अन्य सुविधाओं से वंचित रखकर अन्याय किया जा रहा है। कमेटी ने प्रदेश सरकार से मांग की अंशकालिक प्रथा को बंद कर कर्मचारियों को नियमित कर न्यूनतम वेतन 10 हजार रुपये से अधिक किया जाए। इस मौके पर वर्कर एवं हेल्पर यूनियन की जिला अध्यक्ष ममता वर्मा, उषा, लीला वर्मा, मिड डे मील वर्कर यूनियन महासचिव सुषमा शर्मा, संजय मान सिंह, मंगल सिंह, सुरेश कुमार, विजय कुमार, राकेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
