न्यूनतम दिहाड़ी चार सौ रुपये करे सरकार

मंडी। आम आदमी पार्टी ने मंडी की विभिन्न समस्याओं को लेकर विधानसभा में विचार करने की मांग की है। इस बारे में डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य देशराज शर्मा ने बताया कि जन मांगों पर यदि जन सरोकारों के अनुरूप विधानसभा में समाधान नहीं हो पाया तो आम आदमी पार्टी अनिश्चितकालीन धरना देगी। मजदूरों की न्यूनतम दिहाड़ी 400 रुपये करने का आग्रह भी ज्ञापन में किया गया है।
पार्टी की मांगों में केंद्र में पास कमजोर लोकपाल के बजाय सशक्त जन लोकायुक्त कानून पास करना, महंगाई दूर करने के लिए डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस तथा बिजली की दरें तय करने में जनता की भागीदारी तय करना शामिल रहे। भूमि हीन लोगों को दो बिस्वा जमीन देने का आग्रह भी किया गया है। शराब ठेका ग्रामसभा की महिलाओं की मंजूरी के बिना न खुलें, प्राईवेट स्कूलों में डोनेशन सिस्टम बंद करना, शिक्षा का बाजारीकरण और अनुबंध पर नौकरियों देकर युवाओं का शोषण बंद करना शामिल है। इसके अलावा बंदर, सुअर, नील गाय जैसे वन्य प्राणियों और लावारिस पशुओं द्वारा उजाड़ी फसलों का मुआवजा जारी करने की मांग सरकार के समक्ष रखी है। स्वामीनाथन रिपोर्ट के मुताबिक किसानों की खेती की लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफा देने और पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन विकास में जन भागीदारी जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया है।

Related posts