
रुद्रपुर। पुलिस कर्मी ने दो अधिवक्ताओं पर नशे में धुत होकर न्यायिक अधिकारियों के आवासीय कालोनी में हंगामा काटने का आरोप लगाया है। आरोप है कि विरोध करने पर उससे गालीगलौज भी कर दी गई। उसने जिलाधिकारी व एसएसपी को पत्र भेज न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा को खतरे की आशंका व्यक्त करते हुए आरोपी अधिवक्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस कर्मी दीपक कुमार ने जिलाधिकारी व एसएसपी को भेजे शिकायती पत्र में कहा है कि वह नैनीताल रोड स्थित जज कालोनी के मुख्य गेट पर गारद रूम में ड्यूटी में तैनात है। मंगलवार की सायं हेड कांस्टेबल मोतीपाल सिंह, दो तीन दरोगा और कुछ पुलिस कर्मी पांच अभियुक्तों को लेकर न्यायालय परिसर के अंदर के रास्ते से आए, और सीजेएम आवास के बाहर खड़े हो गए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह मुलजिमों के रिमांड के लिए आए हुए हैं। इस पर उसने उन्हें अंदर जाने की अनुमति दे दी। इसके बाद एक कार ने प्रवेश किया। पूछताछ में कार सवारों ने बताया कि मजिस्ट्रेट साहब के घर जाना है। दोनों ने खुद को सरकारी वकील बताया। इस पर उसने जाने की अनुमति दे दी। कार सवार जब मजिस्ट्रेट साहब के आवास संख्या एक के पास पहुंचे तो हॉर्न बजाने लगे। इधर रिमांड के बाद बाहर निकले कांस्टेबल मोतीपाल को कार सवाराें ने गाली दे दी और हंगामा काटने लगे। हंगामा होता देख जब वह मौके पर पहुंचा और विरोध किया तो कार सवारों ने उससे भी गालीगलौज कर दी। जिलाधिकारी बृजेश कुमार संत ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसमें एसएसपी से जांच करने को कहा है।
