
रुद्रपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाने के आरोप में सुखदेव सिंह नामधारी को तिहाड़ जेल से वारंट-बी पर दिल्ली पुलिस ने तृतीय अपर सिविल जज पारूल गैरोला की अदालत में पेश किया। न्यायालय में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद उसे दिल्ली पुलिस तिहाड़ जेल ले गई। मामले की अगली तिथि एक जुलाई 2013 नियत की गई है।
न्यायिक सूत्रों के मुताबिक 21 मार्च 2008 को बाजपुर के विधायक अरविंद पांडे, सुखदेव सिंह नामधारी समेत 21 लोगों ने एसएसपी कैंप कार्यालय के बाहर बाजपुर में जानलेवा हमले के आरोपी हरदीप सिंह को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगाया था। इससे यातायात बाधित हो गया था। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार जायसवाल ने 21 लोगों के खिलाफ 147, 341, 504 आईपीसी एवं 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। उधर दिल्ली में चड्ढा बंधु हत्याकांड में पकड़े जाने के बाद नामधारी को तिहाड़ जेल भेज दिया गया था। सोमवार को नामधारी को दिल्ली पुलिस की सुरक्षा में वारंट-बी पर रुद्रपुर न्यायालय में पेश किया गया। जहां पर उपस्थिति दर्ज कराने के बाद दिल्ली पुलिस उसे तिहाड़ जेल ले गई।
