नौ साल के मोहित को चाहिए आपकी मदद

मंडी। ग्राम पंचायत बिजनी के छिपणू गांव निवासी अरुण सिंह का बड़ा बेटा मोहित सिंह (9) आयोपैडिक बीमारी से पीड़ित है। वर्ष 2009 से अब तक मोहित के इलाज पर लाखों रुपए खर्च हो चुके हैं। अभी उसे पूरी तरह ठीक होने में तीन साल और लगेंगे। बेटे का इलाज करवाने में आर्थिकी तंगी के चलते पिता अरुण सिंह बेबस हैं। पिता ने दानी सज्जनों से बेटे के इलाज में मदद की गुहार लगाई है। सरकार की ओर से अरुण सिंह को कोई मदद नहीं मिली है।
मंडी में एक दुकान में काम कर अरुण सिंह किसी तरह से परिवार का पालन पोषण करता है। बचपन से ही मोहित को आयोपैडिक बीमारी ने जकड़ लिया था। वर्ष 2009 में मोहित को पीजीआई चंडीगढ़ दाखिल किया गया। जहां उसके तीन आपरेशन हुए। बीमारी को रोकने के लिए डाक्टरों को मोहित के पैर की दो अंगुलियां भी काटनी पड़ीं। पिता अरुण का कहना है पांच साल से चल रहे बेटे के इलाज पर करीब सात लाख खर्च हो चुके हैं। अपनी जमीन भी रिश्तेदारों के पास गिरवी रखी है। पीजीआई के डाक्टरों के मुताबिक मोहित को ठीक होने में अभी कम से कम तीन साल लगेंगे। हर महीने पीजीआई में डीएसए के माध्यम से मोहित का इलाज चलेगा।
अरुण का कहना है कि पूर्व सरकार में भी उन्होंने मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन आईआरडीपी परिवार से संबंध न होने के कारण उन्हें कोई मदद नहीं मिली। अरुण ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई है। साथ ही दानी सज्जनों से बेटे के इलाज में आर्थिकी मदद की गुहार लगाई है।

Related posts