नौ क्विंटल सैंतीस किलो नागछतरी बरामद

रोहडू। चिड़गांव पुलिस ने अवैध रूप से भारी मात्रा में नागछतरी की तस्करी करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार सुबह नाका लगाकर लड़ोट के समीप व्यक्ति को पिकअप में नागछतरी ले जाते हुए दबोच लिया। पुलिस ने गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पुुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात से लड़ोट के समीप सब इंस्पेक्टर चिड़गांव आशीष पठानिया ने नाका लगा रखा था। उनके साथ नाके में हेड कांस्टेबल कलम सिंह तथा कांस्टेबल राजेश कुमार भी तैनात थे। इसी बीच शनिवार सुबह पांच बजे चांशल घाटी की ओर से आ रही पिकअप संख्या एचपी 10 ए-4577 को रोका गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने गाड़ी की तलाशी लेनी शुरू की। तलाशी के दौरान गाड़ी से नौ क्विंटल सैंतीस किलो नागछतरी बरामद की गई। इसकी कीमत लोकल मार्केट में अठारह लाख रुपये से अधिक की आंकी गई है। जबकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत तीन गुना अधिक है। पुलिस ने गाड़ी चालक पदम सिंह को नागछतरी की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। इतनी भारी मात्रा में नागछतरी कहां से लाई जा रही थी तथा कहां ले जाई जा रही थी, इसकी तफ्तीश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चिड़गांव पुलिस थाना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि लड़ोट के समीप नाके के दौरान नागछतरी ले जाते हुए पिकअप शनिवार सुबह पकड़ी गई है। गाड़ी चांशल घाटी की ओर से आ रही थी। गाड़ी चालक पदम सिंह को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया गया है।

Related posts