नौ करोड़ से निर्मित होंगे 328 मकान : सुधीर

धर्मशाला। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने जोनल अस्पताल धर्मशाला के समीप नगर परिषद द्वारा निर्मित किए जा रहे बहुमंजिला रैन बसेरा भवन की दो मंजिलों का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस दो मंजिला भवन पर 35 लाख रुपए की राशि व्यय की गई। इस बहुमंजिला इमारत का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया जाएगा ताकि शहर में हर वर्ग के लोगों को ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो सके।
सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला शहर में रहने वाले आवासहीन लोगों के लिए एकीकृत आवास एवं मिलन विकास परियोजना के तहत 9 करोड़ रुपए की लागत से 328 मकान निर्मित किए जाएंगे ताकि शहर में रहने वाले सभी निर्धन व्यक्तियों को अपनी छत उपलब्ध हो सके। इस कॉलोनी के निर्माण के लिए धर्मशाला के आसपास भूमि चयन के लिए नगर परिषद को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। धर्मशाला शहर के सुनियोजित विकास के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। धर्मशाला शहर के नालों का चैनलाइजेशन करने पर डेढ़ करोड़ रुपए की राशि व्यय की जाएगी। इसके अतिरिक्त कोतवाली बाजार में 2 करोड़ रुपए की लागत से व्यावसायिक परिसर एवं पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 23 दुकानें निर्मित की जा रही हैं। मैकलोडगंज में नोराजी परिसर के समीप 7 करोड़ रुपए की लागत से पार्किंग निर्मित करने के लिए डीपीआर तैयार की गई है। धर्मशाला शहर में बढ़ते भवन निर्माण के दबाव को कम करने के लिए धर्मशाला के आसपास छोटे सैटेलाइट टाउन निर्मित करने की योजना है। इसके लिए हिमुडा द्वारा सराहा एवं इसके आसपास भूमि के चयन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त शिमला, मंडी, हमीरपुर इत्यादि शहरों के आसपास नए टाउन बसाए जाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना और अधिकांश मामलों को मौके पर निपटाया गया। इस मौके पर अध्यक्ष नगर परिषद कमला पटियाल, एसडीएम डॉ. हरीश गज्जू, निदेशक हिमुडा सुरेश पप्पी, निदेशक उद्योग निगम रामस्वरूप शर्मा, पीसीसी सचिव दिग्विजय पुरी, नगर परिषद के पार्षद, कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related posts