
शिमला। राज्य के सरकारी स्कूलों में नौवीं से ही छात्रों को नौकरी के लिए तैयार करेगी, वो भी बिलकुल मुफ्त। नए सत्र से स्कूलों में वोकेशनल कोर्स शुरू होंगे। जिले भर के दस स्कूलों में यह कोर्स शुरू किया जा रहा है।
नौवीं से बारहवीं तक वोकेशनल कोर्स शुरू कर छात्रों को रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सर्वे कर स्कूलों के नाम तय कर लिए हैं। शिमला लालपानी, पोर्टमोर और छोटा स्कूल को चुना है। रामपुर, जुब्बल, घणाहट्टी, ठियोग, सुन्नी, रोहड़ू, चौपाल स्कूल को भी शामिल किया है।
किन्नौर में सांगला, रिकांगपिओ, कल्पा स्कूल भी शामिल है। इन स्कूलों में चार विषयों ऑटोमोबाइल, आईटीईएस, सिक्योरिटी और रिटेल में से किसी एक में कोर्स शुरू किए जाने हैं। हर कक्षा में 25 से 30 का बैच होगा। छात्रों को अपने रूटीन संकाय के विषयों के अलावा एक अतिरिक्त विषय पढ़ना होगा। वोकेशनल कोर्स के राज्य नोडल आफिसर डा. गिरिजानंद चौहान ने बताया कि कोर्स पूरी तरह से निशुल्क होगा। चार लेवल के इस कोर्स में 60 फीसदी प्रैक्टिकल और शेष थ्योरी होगी। केंद्र के सहयोग से निशुल्क चलाए जाने वाले कोर्स का हर लेवल पास करने पर सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
नोडल आफिसर डा. गिरिजा नंद चौहान ने बताया कि प्रवेश के लिए नियम सरकार तय करेगी। फैसला होते ही इस सत्र की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
