नौणी में पर्यटकों को पीट डाला

बिलासपुर। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर एक ढाबा में किसी बात को लेकर कहासुनी में ढाबा मालिक और कुछ अन्य लोगों ने पर्यटकों के साथ मारपीट की। नौणी के समीप शनिवार रात हुई इस घटना से पर्यटक सहमे हुए हैं। पर्यटक चंडीगढ़ से सैर सपाटे के लिए मनाली जा रहे थे। पुलिस ने पर्यटकों की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक और सावन कुमार नामक पर्यटक सैर सपाटे के लिए मनाली जा रहे थे। उनके साथ उनके कुछ और दोस्त भी थे। नौणी के समीप एक ढाबा में वह चाय पीने के लिए रुके। जहां उनकी किसी के साथ बहस हो गई। जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस मारपीट में अभिषेक और सावन कुमार दोनों को चोटें आई है। उन्हें अस्पताल में अपना उपचार करवाना पड़ा। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने ढाबा मालिक बलदेव कुमार, योगेश, अमित, श्याम लाल, रमेश समेत कुछ और लोगों के भी नाम लिए हैं। अभी तक किसी की गिरफ्तारी हुई। डीएसपी प्रमोद चौहान ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस ने भादंसं की धारा 323, 147 और 148 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Related posts