
नौगांव(उत्तरकाशी) बरसाती गदेरे से हो रहे भूधंसाव से नौगांव तथा कुंड गांव पर खतरा मंडराने लगा है। यहां चार वर्षों से लगातार भूमि धंस रही है। बावजूद इसके प्रशासन सुध नहीं ले रहा है।
वर्ष 2009-10 से स्यौरी मार्ग पर स्थित जंगलात कालोनी से लगी करीब पचास नाली भूमि पर भूधंसाव हो रहा है। जिससे विभिन्न प्रजाति के दर्जनों पेड़ भी मिट्टी मे समा चुके हैं। स्यौरी फल पट्टी को जोड़ने वाला पैदल मार्ग का भी नामों निशान मिट चुका है।
भूधंसाव से स्यौरी फल पट्टी के धारी, मटियाली, नैणी, किम्मी, बिंग्सी, रस्टाड़ी, कंडाऊं गांवों को जोड़ने वाला मार्ग का करीब दो सौ मीटर हिस्सा भी करीब बीस फुट धंस चुका है। क्षेत्र पंचायत सदस्य मटियाली प्रेम सिंह, व्यापार मंडल के अध्यक्ष शशीमोहन राणा का कहना है कि समय रहते सुरक्षा के उपाय नहीं किए जाते हैं तो बरसाती गदेरे से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
