
द्वाराहाट। नौगांव इंटर कालेज कफड़ा में विज्ञान वर्ग की सवित्त मान्यता देने की मांग को लेकर अभिवावकों का तीन दिन से चल आमरण अनशन समाप्त हो गया है। लोगों ने देर शाम कफड़ा बाजार में जुलूस निकाल कर खुशी मनाई।
इंटर कालेज कफड़ा में विज्ञान वर्ग की सवित्त मान्यता की मांग को लेकर विद्यालय विकास संघर्ष समिति के तत्वावधान में दो लोग तीन दिन से आमरण अनशन पर बैठे थे। सरकार ने गत दिवस वित्तीय मान्यता देने संबंधी शासनादेश जारी कर दिया था। शासनादेश की प्रति लेकर शनिवार अपराह्न बाद पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी और तहसीलदार धनीराम आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शासनादेश पढ़कर विज्ञान वर्ग को सवित्त मान्यता प्रदान करने की जानकारी दी। पूर्व विधायक श्री त्रिपाठी ने सरकार द्वारा शासनादेश जारी करने को जनता की जीत बताया। इसके बाद धरने पर बैठे दोनों आंदोलनकारियों को जूस पिलाकर भूख हड़ताल तुड़वाई।
जुलूस और आंदोलन स्थल पर अंबा दत्त कबडवाल, मोहन सिंह रौतेला, राम दत्त सती, दिनेश कबडवाल, पीतांबर भट्ट, ईश्वरी दत्त, जीवन तिवारी, भीम सिंह, मुकेश उपाध्याय, जगदीश रौतेला, लक्ष्मण सिंह किरौला, प्रयाग दत्त, राधा सती, मुन्नी देवी आदि मौजूद थे। इधर शासनादेश जारी होने पर क्षेत्र के लोगों ने विधायक मदन बिष्ट का आभार जताया है। आभार जताने वालों में केशव दत्त कबडवाल, प्रकाश अधिकारी, किशोर कबडवाल, हरीश आर्या, दीपक नेगी, नंदलाल, कृष्णा राठौर, उमराव सिंह, नारायण रावत, बहादुर सिंह, लाल सिंह, प्रताप रावत, त्रिभुवन रावत, जितेंद्र सिंह आदि शामिल थे।
