
शिमला। राजधानी से सटे औद्योगिक क्षेत्र शोघी में एक फैक्टरी में शुक्रवार देर शाम पांच कामगारों ने नौकरी से निकाले जाने पर परिसर में तोड़फोड़ कर दी। कंपनी के एचआर मैनेजर की भी पिटाई कर दी गई। फैक्टरी के महाप्रबंधक ने बालूगंज पुलिस थाना में पांचों कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
शिकायतकर्ता महाप्रबंधक सुधीर कुमार प्रताप ने शिकायत की है कि फैक्टरी का काम इन दिनों अपेक्षाकृत कम हो गया है। इसलिए कुछ कर्मियों को नौकरी से हटाया जा रहा है। निकाले जाने वाले कर्मियों को अपनी तनख्वाह और अन्य भत्ते लेने के लिए कहा गया। कर्मियों को इतना भी कहा गया है कि जब फैक्टरी की स्थिति ठीक हो जाएगी, तो इन्हें वापस नौकरी पर रख लिया जाएगा। लेकिन कामगारों ने कोई भी बात सुनने की बजाय परिसर में तोड़फोड़ कर दी और एचआर मैनेजर संदीप कुमार के साथ हाथापाई भी की। संदीप कुमार को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार औद्योगिक इकाई में तोड़फोड़ करने और एचआर मैनेजर से मारपीट करने के आरोप में हेमंत, हरीश, रमेश, अरुण और सुनीता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। सभी कामगार स्थानीय निवासी हैं।
