
डंसा (शिमला)। उपमंडल रामपुर की नोगवैली में तीन दिन से चल रहे तूफान से क्षेत्र की नकदी फसल सेब को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अतिरिक्त खुमानी, बादाम और चुली की फसल भी बर्बाद हुई है। इतना ही नहीं, कुछ स्थानों में तो सेब के पौधे तेज तूफान से जड़ समेत ही जमीन से उखड़ गए हैं। इसके चलते ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। क्षेत्र के बागवान पवन हुडन, छतर सिंह, दिनेश, धर्म सेन, लायक राम, सूरज, प्रेमदास, चतर सिंह, हिम्मत सिंह, यशपाल, कुलदीप सिंह तथा जय सिंह ने बताया कि नकदी फसलों को नुकसान होने से उनकी आर्थिकी पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से नुकसान का जायजा लेकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
