नैहल नाले के पास कार गिरी, एक की मौत

मंडी। करसोग स्थित नैहल नाला के पास बीती रात एक नैनो कार दुर्घटना में तीस वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलाें की हालत भी नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
घटना मंगलवार देर सायं की है। नैनो कार में सवार होकर चाराें युवक कोटलू से पौखी की ओर जा रहे थे कि अचानक बीच रास्ते में नैहल नाला नामक स्थान पर कार ढांक से करीब 300-400 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में राम कृष्ण (30) पुत्र भीम सिंह निवासी पौखी तहसील करसोग की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीन अन्य रमेश कुमार एवं किशोरी लाल निवासी छेपड़ी तथा राम कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का पता चलने पर घायलाें को उपचार के लिए करसोग अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है।
दुर्घटना के कारणाें की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि इस घटना के समय कार को रमेश कुमार ड्राइव कर रहा था। करसोग पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
इधर, घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणाें की छानबीन की जा रही है।

Related posts