नेशनल हाईवे पर खतरों भरा सफर

भराड़ी (बिलासपुर)। शिमला-हमीरपुर नेशनल हाईवे पर सफर खतरनाक हो गया है। हाईवे पर पुलों की दयनीय हालत है। सड़क पर पड़े गहरे गड्ढे भी हादसों को न्योता दे रहे हैं। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक भ्रमित होकर हादसे का शिकार बनते हैं।
घुमारवीं के समीप पट्टा के पास पिछले करीब तीन वर्षों से सड़क के बीचों बीच पड़ा गड्ढा हादसे को अंजाम दे सकता है। यहां पर 24 घंटे वाहनों की आवाजाही लगी रहती है, लेकिन विभाग की लापरवाही के चलते समस्या जस की तस बनी हुई है। सड़क पर इस गड्ढे के एक ओर उतराई होने के कारण कई बार हादसे हुए हैं। विभाग ने समस्या समाधान को कोई ठोस कदम नहीं उठाए। वाहन चालक करतार सिंह, राज कुमार, प्यार सिंह, कश्मीर सिंह, सुरेश पन्याली, यशपाल, राजेंद्र सिंह, सुनील पंकज, रविंद्र ने कहा कि इस सड़क पर हर समय वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। शिमला से धर्मशाला की ओर आने जाने वाले पर्यटकों की नजर में एनएच-103 को मानक के अनुसार खरा उतरना भी टेढ़ी खीर बन चुकी है। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को आगाह करने के लिए आज दिन तक इस स्थान पर विभाग ने कोई भी साइन बोर्ड तक लगाने की जहमत तक नहीं उठाई है। उधर, नेशनल हाईवे अधिशाषी अभियंता एसके नाग ने कहा कि इस कार्य को पूरा करने के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है। जल्द टेंडर होंगे।

Related posts