
नेरचौक (मंडी)। एक ओर जहां ग्रामीण सड़कों की हालत से परेशान हैं वहीं राष्ट्रीय उच्च मार्ग-21 में ही यात्री कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। राष्ट्रीय उच्च मार्ग की खस्ता हालत से हजारों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। डडौर से हराबाग तक एनएच पर गड्ढे मुसीबत का सबब बन रहे हैं। डडौर के पास जल भराव की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इससे स्थानीय दर्जनों परिवार भी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। एनएच की हालत पर स्थानीय लोगाें ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
स्थानीय व्यापारियों कपिल सेन, पपी वालिया, राकेश ठाकुर, आशोक राणा, नेरचौक युवक मंडल प्रधान सुरेश कुमार, गोविंद राम, राकेश, सुरजीत और नवीन का कहना है कि बदहाली की व्यापारियाें पर भी भारी मार पड़ रही है। एनएच पर वाहनों की अत्यधिक आवाजाही रहती है। लेकिन कई जगहों पर इसकी हालत बदतर बनी हुई है। जहां सड़क पर धूल मिटटी से यात्रियों को सांस लेने तक में दिक्कतें पेश आ रही हैं। लेकिन कोई सुधार नहीं किया जा रहा है।
लोगाें का कहना है कि डडौर के पास करीब दो सौ मीटर के दायरे में जल भराव की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। थोड़ी सी बारिश में एनएच झील में परिवर्तन हो जाता है। नागचला हनुमान मंदिर तथा ग्रामीण बैंक के पास बारिश में जल भराव के कारण जहां वाहनाें का गुजरना मुश्किल हो जाता है। वहीं बरसात में कई घरों में पानी घुसकर कहर बरपा रहा है। डडौर पुल हर बरसात में खस्ताहाल हो जाता है। इसका भी स्थाई समाधान अभी तक नहीं हो पाया है। लोगाें ने एनएच की हालत जल्द सुधारने की मांग की है। लोनिवि के अधिशाषी अभियंता बीएस मेहता का कहना है कि घाघस से लेकर मनाली तक सड़क पर पैचवर्क का कार्य पूरा कर लिया है। डडौर और हराबाग के स्पॉट शेष बचे हैं। कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।
