नेरटी में दुकान से हजारों की चोरी

शाहपुर (कांगड़ा)। चोरों ने नरेटी में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान से हजारों रुपये का सामान चोरी किया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने रविवार रात्रि रविंद्र कुमार की नेरटी में इलेक्ट्रानिक्स की दुकान के ताले तोड़ कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हर रोज की तरह रविंद्र शाम को दुकान बंद कर घर चला गया था। सुबह रविंद्र जब दुकान पर पहुंचा तो दुकान का शटर खुला पाया। भीतर जाकर देखा तो सारा सामान गायब था। चोरों ने दुकान से 75 हजार का सामान चोरी कर लिया। इसमें सिलाई मशीनें, इंडक्शन प्लेट, बल्ब और हीटर शामिल हैं। इस दौरान आसपास के दुकानदार भी इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, फोरेंसिक लैब से भी टीम नेरटी पहुंची। फोरेंसिक लैब की टीम ने भी चोरी से संबंधित तथ्य एकत्रित किए हैं। उधर, सहायक निदेशक डा. एसके पाल ने बताया कि लैब से एक टीम नेरटी गई थी। वहीं, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। चोरों की पुलिस तलाश कर रही है। जल्द ही चोर गिरोह सलाखों के पीछे होगा।

Related posts