नेरचौक में पांच सौ लैंड लाइन फोन ठप

नेरचौक (मंडी)। नेरचौक और आसपास के क्षेत्रों में पांच सौ से अधिक लैंड लाइन फोन ठप पड़ गए हैं। इस कारण सैकड़ों उपभोक्ता परेशानी झेल रहे हैं। बल्ह पुलिस थाना, खंड विकास अधिकारी कार्यालय और हिमाचल ग्रामीण बैंक के दूरभाष भी बंद होने से सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है।
गौरतलब है कि गत सोमवार को नेरचौक-रत्ती सड़क पर नालियों के निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई करने के दौरान बीएसएनएल की केबल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इस कारण नेरचौक, रत्ती और आसपास के क्षेत्रों में करीब पांच सौ लैंड लाइन फोन ठप पड़ गए। कई विभागीय कार्यालय के फोन भी डेड हैं। इससे लोगों और विभागीय कार्यालय में कामकाज प्रभावित है। बल्ह पुलिस थाना, खंड विकास कार्यालय, हिमाचल ग्रामीण बैंक की शाखा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रती के फोन भी बंद पड़े हैं। बीएसएनएल ने शीघ्र टेलीफोन सेवा बहाल करने में असमर्थता जताई है। हालांकि बीएसएनएल अधिकारियों की शिकायत पर बल्ह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर रखा है। खंड विकास अधिकारी बल्ह प्रदीप कुमार ने कहा कि टेलीफोन सेवा बंद होने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। ऑनलाइन नेटवर्क सेवा बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। बल्ह पुलिस थाना में संपर्क नहीं हो रहा। स्थानीय निवासी सुरेश कुमार, नवीन कुमार, पूर्ण चंद और सुभाष ने कहा कि गलत कार्यवाही का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बीएसएनएल के अधिकारियों से शीघ्र टेलीफोन सेवा बहाल करने का आग्रह किया है।
बीएसएनएल के सहायक अभियंता नवनीत कुमार ने कहा कि टेलीफोन सेवा बहाल करने में कम से कम एक सप्ताह का समय लग सकता है। बल्ह थाना प्रभारी मदन धीमान ने कहा कि मामला ठेकेदार और जेबीसी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related posts