
बनबसा। नेपाल में हिंदू स्वयं सेवक संघ का प्रशिक्षण जारी है। मुख्य अतिथि संघ के अंतरराष्ट्रीय सह संयोजक रवि कुमार अय्यर ने कहा कि विश्व में हिंदू संस्कृति का प्रभाव बढ़ रहा है। हिंदू धर्म, संस्कृति और परंपरा से प्रभावित हो विश्व के कई देश हिंदू संस्कृति की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
नेपाल के कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर स्थित वैद्यनाथ उमावि में नेपाल हिंदू स्वयं सेवक संघ के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शनिवार को भारत से पहुंचे मुख्य वक्ता अय्यर ने सनातन हिंदू धर्म और संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होेंने कहा कि अब विश्व हिंदू संस्कृति के महत्व को समझ रहा है। इससे पूर्व संघ के प्रशिक्षणार्थियों ने बाजार में पथ संचलन कर प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण में नेपाल के 40 जिलों के 150 सवयं सेवक प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण के संचालन में नेपाल आरएसएस के सह प्रचारक रैवित कुमार के अलावा पूर्वी उप्र के क्षेत्र प्रचारक शिवनारायण, राष्ट्रीय प्रचारक वेदप्रकाश, विष्णु देवी पांडे, हीरा लाल आदि सहयोग कर रहे हैं।
