
रुद्रप्रयाग। केदारघाटी जल प्रलय में लापता और प्रभावित नेपाली मूल के लोगाें की सुध लेने नेपाल दूतावास के काउंसलर गुप्तकाशी पहुंचे। उन्होंने यहां पहुंचकर डीएम दिलीप जावलकर से वार्ता की। कहा कि नेपाली मूल के जिन लोगों ने आपदा के दौरान अपराध किया है, उनका रिकार्ड दिया जाए, ताकि नेपाल सरकार भी उनके खिलाफ कार्रवाई कर सके। साथ ही नेपाल मूल के लोगों के प्रति फैली भ्रांतियां भी दूर हो सके।
काउंसलर युद्धलाल खरेल के साथ नेपाली मूल के पुष्पराज पांडे और तारकचंद (नेपाली लोगों की सहायता के लिए जुटे हैं) भी थे। पुष्पराज पांडे ने बताया कि जिन नेपालियों ने अपराध किया, उनके नाम उजागर होने चाहिए। उन्होंने बताया कि काउंसलर आपदा से प्रभावित नेपाल मूल के लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति जानने केदारघाटी आए हैं। प्रभावित लोगों की समस्या जानी जा रही है। नेपाली मूल के लोगों ने बताया कि उनके परिजन, होटल और दुकानें बाढ़ में बह गई, अब मदद का इंतजार है। काउंसलर के हवाले से पुष्पराज पांडे ने बताया कि दूतावास के माध्यम से नेपाल में जिलाधिकारियों से लापता लोगों की रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही उनका चरित्र सत्यापन भी होगा। इस रिपोर्ट को उत्तराखंड सरकार को उपलब्ध कराया जाएगा।
