
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में मास कम्यूनिकेशन विभाग की पत्रकारिता विषय पर चल रही कार्यशाला जारी है। कार्यशाला के दूसरे दिन छात्र-छात्राओं को प्राकृतिक रोशनी में फोटो खींचने की जानकारी दी गई। फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। हाथ में कैमरे लेकर विद्यार्थी बिलासपुर में फोटोग्राफी के लिए निकल पडे़। कालेज कैंपस में विद्यार्थियों ने खूब फोटोग्राफी की।
रिसोर्स पर्सन अवदेश नेगी ने प्रथम सत्र में विद्यार्थियों को कैमरे की बारीकियों से अवगत करवाया। कैमरे को ऑन करने, कैमरे के विभिन्न कलपुर्जों एवं पार्ट्स की जानकारी दी गई। कैमरे में मौजूद पार्ट्स के बारे में सभी छात्रों ने सवाल भी किए। इसका रिसोर्स पर्सन ने जवाब दिया। दूसरे सत्र के दौरान विद्यार्थियों को फोटोग्राफी करने का मौका दिया गया। इस दौरान विभाग की समन्वयक नवेंदु बंसल ने विद्यार्थियों को बताया कि विद्यार्थियों ने फोटोग्राफी के बारे में जानकारी हासिल की है। इसके बाद वीडियो और वायस मौड्यूलेशन के बारे में भी सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यशाला पांच दिन तक चलेगी। इसमें पत्रकारिता के क्षेत्र में हो रहे परिवर्तन आदि बारे छात्रों को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में 70 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
