नूरपुर से पीजीआई तक मिलेगी मुफ्त एंबुलेंस

नूरपुर (कांगड़ा)। अब आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला, टांडा मेडिकल या फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करने के लिए टैक्सी का किराया नहीं खर्चना पड़ेगा। 108 राष्ट्रीय निशुल्क एंबुलेंस सेवा के अंतर्गत नूरपुर सिविल अस्पताल में मरीजों को अब आपातकालीन परिस्थितियों में अत्याधुनिक सुविधाओं व उपकरणों से लेस नई रेफरल एंबुलेंस (इंटर ट्रांसपोर्ट) की सुविधा मिलेगी। बुधवार को स्थानीय विधायक अजय महाजन ने नई रेफरल एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभांरभ किया। विधायक अजय महाजन ने कहा कि जिला कांगड़ा में टांडा मेडिकल कालेज के अलावा सिर्फ नूरपुर व देहरा अस्पताल को ही नई रेफरल एंबुलेंस मुहैया करवाई गई हैं। हाल ही में नूरपुर अस्पताल के लिए 11 नए स्टाफ पद स्वीकृत किए गए हैं।

आईसीयू की प्रक्रिया युद्धस्तर पर
नूरपुर अस्पताल में करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से जल्द ही सीटी स्कैन मशीन लगने जा रही है। इसके लिए बिजली का नया ट्रांसर्फामर लगवाने के लिए 10.40 लाख रुपए की धनराशि जमा करवा दी गई है। अस्पताल में शिशुओं के लिए स्पेशल वार्ड व अत्याधुनिक सुविधाओं से लेस आईसीयू भी स्थापित किया जा रहा है। इस अवसर पर नूरपुर अस्पताल के एसएमओ डा. एसके महाजन, एसडीएम अश्वनी सूद, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बलदेव पप्पी, पूर्व नप अध्यक्ष राकेश महाजन, योगश महाजन, नगर पार्षद मनमोहन शर्मा, अनिल महाजन, ब्लाक युकां अध्यक्ष संदेश डडवाल आदि मौजूद रहे।

Related posts