नूरपुर शहर में लाखों के आभूषण साफ

नूरपुर (कांगड़ा)। नागनी और जौंटा के बाद अब नूरपुर शहर के वार्ड छह में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से दहशत फैल गई। बीते एक सप्ताह में नूरपुर व इसके साथ सटे इलाकों में चोरी की तीसरी वारदात है। रविवार को हुई इस वारदात में चोर करीब चार लाख रुपये के 125 ग्राम सोने के आभूषणों को उड़ा ले गए।
नूरपुर पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में रिटायर टीचर प्रेम कुमारी ने बताया कि रविवार को वह अपने भाई व अन्य परिजनों के साथ माता चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने गईं थीं। वहां से शाम करीब छह बजे वापस आईं तो खिड़की का दरवाजा खुला देखा। जैसे ही मेन दरवाजा खोलकर देखा तो कमरे के अंदर अलमारी का लॉकर खुला पड़ा था और सारा सामान बिखरा हुआ था। जबकि अलमारी के लॉकर में रखे तकरीबन 125 ग्राम सोने के जेवर गायब थे। उन्होंने तुरंत इस वारदात की सूचना नूरपुर पुलिस थाने को दी और इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का दौरा किया। उधर, डीएसपी मनोज जोशी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

चोरों को थी भनक
विदित रहे कि नागनी व जौंटा में चोरी की हालिया वारदातों की तरह इस बार भी चोरों को पता था कि घर में कोई भी मौजूद नहीं है। इसके चलते चोरों ने एक बार फिर से मौके का फायदा उठाया और लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इससे पहले बीते सप्ताह तीन और चार मार्च को भी चोरों के कथित गिरोह ने नागनी व जौंटा में चोरी की दो वारदातों को अंजाम दिया था। चोरी की इन वारदातों में पुलिस को फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया था और शातिर चोरों ने तीसरी वारदात को अंजाम दे डाला।

Related posts