नूरपुर को दो पार्किंग स्थलों का तोहफा

नूरपुर (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को नूरपुर विस क्षेत्र के प्रवास के दौरान शहर में बेतरतीब ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए नूरपुरवासियों को दो पार्किंग स्थलों का तोहफा दिया। इसके साथ ही राजकीय उच्च पाठशाला खैरियां, कोट पलाहड़ी, जौंटा को अपग्रेड कर जमा दो, राजकीय माध्यमिक पाठशाला भुगनाड़ा को हाई स्कूल तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला थोड़ा, गुरचाल और चील को स्तरोन्नत कर मिडल स्कूल का दर्जा देने की घोषणा की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नूरपुर सिविल अस्पताल में करीब डेढ़ करोड़ की लागत से स्थापित सीटी स्कैन मशीन तथा 4.73 करोड़ की लागत से नवनिर्मित मिनी सचिवालय का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। नूरपुर विस क्षेत्र के विधायक अजय महाजन ने पिछले एक साल के कार्यकाल में नूरपुर विस क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए करोड़ों की राशि मुहैया करवाने के लिए जनता की तरफ से आभार जताया तथा नूरपुर क्षेत्र में प्रस्तावित विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। इनमें नूरपुर के ऐतिहासिक किले में चल रहे जर्जर स्कूल को कॉलेज भवन में शिफ्ट करने, नए कॉलेज भवन के निर्माण, पार्किंग, नूरपुर अस्पताल में ब्लड बैंक खोलने, चौगान में प्रस्तावित बस स्टैंड के निर्माण, विशेषर तालाब के सौंदर्यीकरण, ठोस कूड़ा संयंत्र, बचत भवन का जीर्णोद्धार, सीवरेज योजना के क्रियान्वयन के लिए सब डिविजन खोलने, सिविल अस्पताल नूरपुर में ट्रामा सेंटर खोलने आदि की मांग उठाई। इस पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिलाया तथा जर्जर हाल ब्वॉयज स्कूल की फौरी मरम्मत व रखरखाव के लिए उचित धनराशि मुहैया करवाने की घोषणा की। वीरभद्र सिंह ने स्कूल को आर्य कॉलेज भवन में शिफ्ट करने की प्रपोजल पर भी हामी भरते हुए कहा कि अगर नूरपुर की जनता यही चाहती है तो इसमें उन्हें कोई ऐतराज नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि नूरपुर के नूर को चार-चांद लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर कृषि एवं ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया, मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती, विधायक संजय रतन, पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार, पूर्व मंत्री केवल सिंह पठानिया, पूर्व विधायक रणजीत बक्शी, नप अध्यक्ष कृष्णा महाजन, सुरिन्द्र काकू, कांग्रेस पर्यवेक्षक मनोज पठानिया, पूर्व नप अध्यक्ष राकेश महाजन, ब्लाक कांग्रेस अद्यक्ष बलदेव पप्पी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related posts