नूरपुर के निजी अस्पताल, डाक्टर के खिलाफ केस

नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर पुलिस ने शहर के एक निजी अस्पताल और चिकित्सक के खिलाफ ऑपरेशन में लापरवाही बतरने और महिला की जान खतरे में डालने के आरोप में भादंसं की धारा 336 और 337 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पीड़ित महिला के सीजेरियन ऑपरेशन के दौरान डाक्टर ने कॉटन और स्पंज गर्भाशय में ही छोड़कर टांके लगा दिए थे।
पुलिस के मुताबिक जिला चंबा की चुवाड़ी तहसील के गांव मनौता की वनीता (22) पत्नी अंग्रेज सिंह को डिलीवरी के लिए एक जनवरी को प्रसव पीड़ा के चलते नूरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां सीजेरियन ऑपरेशन से उसे एक बच्ची पैदा हुई। 8 जनवरी को वनीता को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन, बाद में उसके पेट में दर्द की शिकायत रहने लगी। 13 जनवरी को अंग्रेेज सिंह दर्द से तड़पती अपनी पत्नी को दोबारा उसी निजी अस्पताल में चेकअप के लिए लेकर आया। लेकिन दवा से हालत ठीक न होने पर उसे आपात स्थिति में टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। 19 जनवरी को दोबारा उसकी पत्नी का ऑपरेशन किया गया और कॉटन और स्पंज निकाला गया। पीड़िता अभी भी टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन है।
कोट्स———-
पुलिस मुख्यालय शिमला से मिली शिकायत के आधार पर नूरपुर पुलिस ने निजी अस्पताल और उसके चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गहनता से छानबीन करने के उपरांत आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
राजीव अत्री, डीएसपी नूरपुर

Related posts