
नूरपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत गांव बनोली में राजकीय उच्च पाठशाला के बरामदे में सोमवार सुबह संदिग्ध हालत में शव मिला है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान पवन कुमार (35) पुत्र हुकम सिंह निवासी गांव बनोली के रूप में हुई है। मृतक के मुंह से खून व गले पर चोटों के निशानों के चलते पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पवन कुमार रविवार की शाम को बाजार से कुछ सामान लाने के लिए निकला था। लेकिन काफी देर तक घर वापस न लौटने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच सोमवार सुबह राजकीय उच्च पाठशाला बनोली के निर्माणाधीन भवन के बरामदे में संदिग्ध हालत में एक लाश बरामद होने की सूचना मिली। शव को सबसे पहले स्कूल के छात्रों ने देखा और इसकी तुरंत सूचना अपने अध्यापकों को दी। इस बीच स्कूल प्रशासन से बनोली पंचायत की प्रधान लता देवी को सूचित किया। सूचना मिलते ही नूरपुर पुलिस थाने के एसएचओ बृजमोहन शर्मा पुलिस टीम के साथ मौका-ए-वारदात पर पहुंच गए और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया। उधर, बनोली पंचायत की प्रधान लता देवी ने बताया कि पवन कुमार मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता था। उसकी किसी से कोई भी रंजिश नहीं थी। मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी के अलावा तीन बच्चे छोड़ गया है।
उधर, डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने भादंसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता लग पाएगा।
