
नूरपुर/जसूर (कांगड़ा)। नूरपुर शहर में बीती रात चोरों ने एक साथ 9 दुकानों के ताले तोड़ कर हजारों रुपये की नकदी और सामान पर हाथ साफ किया है। वहीं, नेशनल हाईवे 154 के किनारे न्याजपुर के समीप शनिदेव मंदिर का दानपात्र भी चोरी कर लिया है। एक ही रात में चोरी की इन वारदातों से दुकानदारों में दहशत का माहौल है, जबकि नूरपुर के समीप व्यापारिक कस्बे जसूर में भी चोरों ने किशोरी लाल के घर के ताले तोड़ कर अलमारी से करीब पौने दो लाख रुपये के 60 ग्राम सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार सुबह नूरपुर शहर में एक ही रात में 9 दुकानों के ताले टूटने की खबर से सनसनी दौड़ गई। डीएसपी राजीव अत्री सहित नूरपुर नप के पूर्व अध्यक्ष राकेश महाजन व व्यापर मंडल के प्रधान अश्वनी सूरी ने स्थिति का जायजा लिया। व्यापार मंडल के प्रधान अश्वनी सूरी ने चोरी की इन वारदातों पर कड़ा रोष जताया है। उन्होंने कहा कि नूरपुर पुलिस अब तक शहर में किसी भी चोरी की घटना या चोरों का सुराग लगाने में नाकाम रही है। उन्होंने शहर में रात्रि गश्त शुरू करने की मांग की है। उधर, जसूर में भी चोरों ने बुधवार दिनदिहाड़े सेंध लगा कर 25 तोले सोना और 10 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इससे क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। पुलिस के अनुसार भंडारी मोहल्ले के मास्टर किशोरी लाल बुधवार सुबह अपनी माता के साथ किसी काम से बाहर गए हुए थे। इस दौरान चोरों ने पांच ताले तोड़ कर घर में रखी लोहे की अलमारी को तोड़ा और उस में रखा 25 तोले सोना तथा 10 हजार रूपये चुरा कर ले गए। उधर, नूरपुर के डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की छानबीन जारी है।
इनसेट…
यहां टूटे रात को ताले
शनिदेव मंदिर न्याजपुर, पवन कुमार उर्फ पन्नू दा ढाबा न्याजपुर, राजू गोल्ड स्मिथ मेन बाजार, पवन घई स्वीट्स शाप, पंडित कन्फैक्शनरी लंबी गली, कैपिटल बूट हाउस मेन बाजार, मलिक वूल हाउस मेन बाजार, छिम्म स्वीट्स शाप मेन बाजार, मुकेश किरयाना स्टोर लंबी गली, सिटी हार्ट रेस्टरोंरेट कोर्ट रोड तथा किशोरी लाल जसूर।
बाक्स
कहीं नशेड़ियों का हाथ तो नहीं
नूरपुर शहर में हो रही चोरी की वारदातों के पीछे आखिर किसका हाथ है यह सवाल शहर में चर्चा का विषय बना रहा। करीब दो सप्ताह पहले नूरपुर शहर में एक ही रात में दो दुकानों के ताले तोड़ कर चोरो ने नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया था। उससे पहले नूरपुर चौगान में एक हार्डवेेयर की दुकान में भी चोरो ने सेंध लगाने की नाकाम कोशिश की थी। उससे पहले नूरपुर शहर के बाजार में स्थापित एक मंदिर से चांदी के आभूषण भी चोरी हुए थे। शहरवासियों की मानें तो इन वारदातों के पीछे शहर के ही कुछ नशेड़ी युवकों का हाथ हो सकता है।
इनसेट…
शहर में कानून व्यवस्था चरमराई : पठानिया
पूर्व विधायक राकेश पठानिया ने आरोप लगाया कि नूरपुर शहर में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है । क्षेत्र में चोरी की वारदातों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शहर में कई स्थानों पर शराब के अनाधिकृत बिक्री कें द्र चल रहे हैं तथा खुलेआम चरस और नशीले कैप्सूल का धंधा फल फूल रहा है।
इनसेट…
पुलिस को गश्त करने के आदेश
नूरपुर हलके के विधायक अजय महाजन ने चोरी की लगातार बढ़ती वारदातों पर चिंता जताते हुए कहा कि पुलिस-प्रशासन को तत्काल प्रभाव से शहर में रात्रि गश्त शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
इनसेट…
चोरों की तलाश को टीमें गठित : डीएसपी
नूरपुर डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने धारा 380 व 457 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। उन्होंने कहा कि चोरों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।
