नूरपुर आईटीआई में चार नए कोर्स

नूरपुर (कांगड़ा)। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के अंर्तगत कालेजों में एडमिशन से वंचित रहने वाले छात्रों के लिए एक अच्छी खबर है। नूरपुर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सत्र 2013-14 से चार नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं।
पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप योजना के तहत पेमेंट सीट के लिए करवाए जाने वाले इन नए कोर्सों (ट्रेड) में मेकेनिक मोटर व्हीकल, फीटर, मेकेनिक इलेक्ट्रानिक्स व फूड प्रोडक्शन (जनरल) को शामिल किया गया है। इन नए कोर्सों में प्रवेश लेकर छात्र अलग-अलग क्षेत्रों में कैरियर बना सकेंगे। फूड प्रोडक्शन कोर्स करने के बाद टूरिज्म सेक्टर में छात्र रोजगार हासिल कर सकेंगे। इस शैक्षणिक सत्र 2013-14 में शुरू होने वाले कुल छह कोर्सों के लिए 21-21 सीटें रखी गई है और इन ट्रेडों में एडमिशन के लिए छात्र-छात्राएं तीन जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले आईटीआई के पास अपना भवन न होने के चलते जाच्छ स्थित एग्रो इंडस्ट्रीज की बिल्डिंग में मात्र तीन ट्रेड इलेक्ट्रानिक्स, इलैक्ट्रीशियन व पलंबर के कोर्स करवाए जा रहे थे। पिछले साल नूरपुर में हाउसिंग कालोनी के पास चिनबा रोड पर आईटीआई के नए भवन में शिफ्ट होने के बाद नए कोर्स शुरू होने की उम्मीद जगी थी। वहीं, केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित सेंटर ऑफ एक्सिलेंस योजना के तहत मिलने वाले प्रोजेक्ट भी दूर की कौड़ी साबित हुए। लेकिन अब आईटीआई को नई छत मिलने से निकट भविष्य में यहां रेफ्रीजरेशन एंड एयरकंडीशनिंग, कंप्यूटर मेकेनिक (हार्डवेयर), फैशन टेक्नालॉजी जैसे नए व्यावसायिक कोर्स शुरू होने का रास्ता खुल गया है। आईटीआई के प्रिंसिपल संजीव सहोत्रा ने इस सत्र से चार नए कोर्स शुरू करने की पुष्टि की है।
ट्रेड एनसीवीटी/एससीवीटी अवधि कुल सीटें
मेकेनिक इलेक्ट्रानिक्स एनसीवीटी 2 साल 21
पलंबर एनसीवीटी 1 साल 21
मेकेनिक मोटर वाहन एससीवीटी 2 साल 21
फिटर एससीवीटी 2 साल 21
फूड प्रोडक्शन एससीवीटी 1 साल 21
इलैक्ट्रीशियन एससीवीटी 2 साल 21

Related posts