नुरपुर में दबोचा बिलासपुर से फरार कैदी

सिहुंता (चंबा)। जिला बिलासपुर की ओपन एयर रघुनाथन जेल से फरार कैदी को सिहुंता पुलिस ने पकड़ने में कामयाब हासिल की है। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद रविवार को तहसील नुरपुर के चौंकी गांव से कैदी सुभाष चंद को दबोच लिया। यहां पर वह अपने जीजा सुशील कुमार के घर में छिपा हुआ था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अपने पड़ोसी की हत्या के आरोप में सुभाष चंद पुत्र गोरखू राम निवासी जोनला उम्र कै द की सजा काट रहा है। शुरुआती समय में उसे चंबा जेल में रखा गया था, लेकिन बाद उसे बिलासपुर की ओपन एयर रघुनाथन जेल में भेज दिया गया। इस जेल में कैदियों के अच्छे आचरण के मद्देनजर उन्हें दिन के समय मजदूरी करने के लिए भेज दिया जाता था। शाम को सभी कैदी वापिस लौटते हैं। इसी नियम के अनुसार जेल प्रशासन ने 30 अगस्त को सुभाष चंद को बिलासपुर शहर भेजा था, लेकिन वह शाम को वापिस नहीं लौटा और यहां से फरार हो गया। चुवाड़ी पुलिस को सूचना मिली थी कि बिलासपुर जेल से फरार कैदी पुलिस थाना चुवाड़ी के अंतर्गत कहीं छिपा है। इसके चलते बिलासपुर व चुवाड़ी पुलिस ने उसकी तलाश शुरु कर दी थी। एसपी जगत राम ने बताया कि फरार कैदी को पुलिस ने पकड़ कर बिलासपुर पुलिस के हवाले कर दिया है।

Related posts