
कटौला (मंडी)। इलाका उत्तरशाल के सेगली पंचायत में पिछले दिनों मूसलाधार बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने बागी व मंडाह गांव का दौरा किया। उन्होंने क्षेत्र में सड़कों, मकान, दुकान और फसलों को हुए नुकसान की विभागीय अधिकारियों को शीघ्र रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
सेगली पंचायत के बागी, मंडाह, ननहणी, सूरन, सोलग, कलवाड़, कालंग, बाहड़ा आदि गांवों में बारिश से भारी नुकसान हुआ है। कौल सिंह ठाकुर ने वीरवार को प्रभावित गांवों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने करीब तीन किलोमीटर तक क्षतिग्रस्त बागी-मंडाह सड़क को ठीक करने के लिए दो लाख, बागी खड्ड में क्रेटवाल लगाने को पांच लाख रुपये दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से जिन लोगों की कृषि योग्य भूमि, फसल, मकान, दुकान व गौशालाओं को नुकसान पहुंचा है, उसकी शीघ्र रिपोर्ट तैयार की जाए। बागी-मंडाह सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने के कारण बागी, मंडाह, कालंग, सोलग, बाहड़ा आदि गांवों के किसानों को करीब पांच-छह किलोमीटर पैदल चल कर नकदी फसलें पीठ पर बागी तक पहुंचानी पड़ रही है। इस क्षेत्र में आईपीएच को करीब 2.37 करोड़, बिजली बोर्ड को करीब सात लाख का नुकसान हुआ है। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, द्रंग कांग्रेस अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया, सेगली पंचायत प्रधान कांशी राम, विद्युत बोर्ड के एसडीओ डीके ठाकुर, लोक निर्माण के एसडीओ प्रदीप ठाकुर, आईपीएच विभाग के एसडीओ रजनीश ओंकार, कनिष्ठ अभियंता केके कपूर मौजूद रहे।
