नुकसान का सर्वे नहीं होने पर ग्रामीण नाराज

कर्णप्रयाग। दैवी आपदा से हुए नुकसान का सर्वे नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने एसडीएम से मुलाकात कर शीघ्र समस्या हल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
पूर्व प्रधान महिपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में कंडारा, जस्यारा, धनसारी, नौसारी, बरमोली, सरकारी सेरा, बणसोली, किमोली, केलापानी आदि गांवों के लोगों ने एसडीएम से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पिछली 25 जुलाई को बारिश से पांच पैदल पुलिया, तीन घराट, पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए थे।
ग्रामीणों ने एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं करने पर तहसील पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। प्रतिनिधिमंडल में बणसोली की प्रधान उषा देवी, जस्यारा की गुड्डी देवी, किमोली की प्रेमलता देवी, नौसारी के नरेंद्र सिंह, गोविंद सिंह रावत, मोहन लाल, सुरेशी देवी, गणेशी देवी आदि शामिल थे। उधर, प्रभावित ग्राम पंचायत स्वर्का (लंगासू) के हालात 40 दिन बाद भी नहीं सुधरे हैं। गांव का पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्रामीण शांति प्रसाद, विजय प्रसाद, मनोज कुमार, टीका मैखुरी, गंगाधर मैखुरी ने कहा कि प्रशासन प्रभावितों की सुध नहीं ले रहा है। किशोरी प्रसाद ने बताया कि मल्ला स्वर्का में बारिश से भवन दरक रहे हैं।

Related posts