नीरू चांदनी ने भजनों से बांधा समां

नगवाईं (मंडी)। बाबा बालक नाथ मंदिर बहा में मेले की धूम रही। समापन समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष खीरामणी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मेले में प्रसिद्ध लोक गायिका नीरू चांदनी तथा संजय हिमाचली ने भी पहाड़ी गीतों पर दर्शकों को खूब मनोरंजन किया। जिला परिषद अध्यक्ष खीरामणी ने जिप निधि से बाबा बालक नाथ मंदिर बहा के लिए 30 हजार रुपये, चामुंडा माता मंदिर के लिए 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। ऐच्छिक निधि से मंदिर कमेटी को डेढ़ हजार, एकल विद्यालय के लिए एक हजार दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक ने सनोर घाटी की जनता से हमेशा सौतेला व्यवहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया किनगवाईं मशोरा सड़क का 40 साल में भी नहीं बन पाना विधायक की नाकामी का सबसे बड़ा सबूत है।
इससे पहले टलाहर गांव से बहा मंदिर तक धूमधाम से बाबा बालक नाथ की जलेब निकाली गई और जाग जलाई गई। देवता के गुर ने दहकते हुए अंगारों पर नृत्य भी किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक गायिका नीरू चांदनी ने शिव भजन मन मेरा मंदिर, शिव मेरी पूजा से कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद उन्होंने बे मनमोनिया बालक नाथा, दसो बाबा जी मुख केड़ियों गल्लों मोड़िया, हाय मैरिए धिंगा धिंगिए, अम्मा जुले हाथ रूमाला, मेरी बालमा गीतों पर दर्शकों का मनोरंजन किया।

Related posts