
अल्मोड़ा। भैंसियाछाना ब्लॉक के निस्नैली गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक 50 वर्षीय महिला की तेजाब डालकर हत्या कर दी। महिला अपने मायके वालों के एक घर में अकेली रहती थी। परिजनों को भी घटना की जानकारी तीन बाद मिली। राजस्व पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव ससुरालियों को सौंप दिया है। इस मामले में फिलहाल किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। क्षेत्र में तेजाब डालकर हत्या का यह पहला मामला है।
अल्मोड़ा तहसील अंतर्गत निस्नैली गांव में नरूली देवी (50) पत्नी नारायण सिंह अपने मायके के घर में अकेले ही रहती थी। इस मकान के आसपास कोई अन्य मकान भी नहीं है। मायके वाले भी यहां से कुछ दूर अन्यत्र स्थान पर रहते हैं। मंगलवार को जब नरूली की भाभी खेत पर काम करने इस घर के निकट पहुंची तो घर के गोठ में बंधे मवेशियों की आवाज आई लेकिन दरवाजा बंद था। कई बार आवाज दी लेकिन नरूली देवी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद उसने ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राजस्व पुलिस की सहायता से दरवाजा खोला तो नरूली देवी अंदर मृत पड़ी थी। उसके शरीर के अगले हिस्सों में टांगों तक और पीठ में फफोले पड़े थे। इन स्थानों पर खाल भी उतर गई थी।
राजस्व उप निरीक्षक गोविंद बल्लभ कांडपाल ने बताया कि पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेजाब से हत्या की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि महिला का विवाह करीब 26 साल पहले भैंसियाछाना के निकट गांव में हुआ था। बताया जाता है कि शादी के छह माह बाद ही नरूली का सैनिक पति लापता हो गया था। वह तब से निस्नैली (धनखाली) गांव में मायके के घर में अकेले ही रहती थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतका के ससुराल और मायके के किसी भी परिजन ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। इधर, उपजिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि राजस्व निरीक्षक से आख्या मिलने के बाद राजस्व पुलिस को नियमानुसार मामला दर्ज करने का निर्देश दिया जाएगा।
