
पधर (मंडी)। कांग्रेस के निष्क्रिय पदाधिकारियों की पद से छुट्टी होने वाली है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आदेशों पर जिले में यह कार्रवाई होने जा रही है। शीघ्र की डम्मी पदाधिकारियों की पद से छुट्टी होने वाली है। पार्टी सूत्र बताते हैं कि ब्लॉक और जिला स्तर पर कई ऐसे पदाधिकारी हैं जो पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। पार्टी की गतिविधियों में इनकी कोई भूमिका नहीं है। ऐसे पदाधिकारियों पर शिकंजा कसने वाला है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि जिला और ब्लॉक स्तर पर कई ऐसे पदाधिकारी हैं जो अपने डेजीगनेशन का विजटिंग कार्ड जेब में डाल कर दुरुपयोग कर रहे हैं। पार्टी गतिविधियों और बैठकों से गायब रहते हैं। इनके खिलाफ पार्टी नियम के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह के आदेश पर की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आह्वान किया कि पार्टी हित में काम करें। किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल है जिसके दम पर कांग्रेस प्रदेश की चारों सीटों में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आह्वान किया कि यूपीए सरकार की नीतियों तथा कार्यक्रमों और प्रदेश सरकार के नौ माह की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुुंचाकर बीजेपी के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें। पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि जिले के मंत्री और नेतागण पार्टी के प्रति जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को तरजीह दें। जिन कार्यकर्ताओं ने परिवार सहित तीस से पैंतीस वर्षाें से अपना जीवन पार्टी के लिए समर्पित किया है, उनके कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। उन्होंने कहा कि कई चाटुकार नेताओं को धोखे में रख कर अपने हित के लिए प्रथम पंक्ति में बैठ रहे हैं, नेता इनसे सचेत रहें।
अपना हित साधने के बाद यही लोग चुनावों में दगा करते आए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न विभागों में कई ऐसे अधिकारी बैठे हुए हैं, जो भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। पार्टी ने यह मुद्दा बीते रोज जिला स्तरीय बैठक में जोर शोर से उठाया है। शीघ्र ही ऐसे अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। जिसमें कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
