
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर उपतहसील में पिछले छह माह से नायब तहसीलदार का पद खाली पड़ा है। इससे लोगों को राजस्व संबंधी कार्य करवाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपतहसील के अंतर्गत कुल 26 पंचायतें आती हैं। अधिकारी का पद रिक्त होने के चलते लोगों के निशानदेही, तकसीम, शपथ पत्र, वृद्धा, अपंगता और विधवा प्रमाण पत्र आदि बनाने के कार्य रुके पड़े हैं।
संधोल के तहसीलदार लोगों का कार्य निपटाने के लिए सप्ताह में एक या दो दिन आते हैं, लेकिन इतने कम समय में उनके लिए कार्य निपटाना मुश्किल हो जाता है। धर्मपुर में सभी विभागों के कार्यालय हैं तथा यहां विकासखंड कार्यालय का मुख्यालय भी हैं। जिस कारण लोग एक दिन में अपने सभी कार्य निपटाना चाहते हैं।
इधर, धर्मपुर व्यापार मंडल के प्रधान काहन सिंह, धर्मपुर पंचायत के प्रधान बिहारीलाल, भरौरी पंचायत के प्रधान दीपक शर्मा, बनाल पंचायत के प्रधान पूर्ण चंद, पैहड पंचायत की प्रधान इंद्रादेवी, तनेहड़ पंचायत के प्रधान दुनीचंद, सिधपुर पंचायत के प्रधान गंगाराम, खनौड़ पंचायत के उपप्रधान धर्मपाल, बिंगा पंचायत की प्रधान तम्बों देवी, उपप्रधान रवि मंडयाल सहित समाजसेवी विजय ठाकुर, भवानीदत्त मंडयाल, पवन कुमार, राजकुमार, प्रकाशचंद, रेवतराम, सतीश कुमार, हरि राम इत्यादि ने धर्मपुर में नायब तहसीलदार के पद को भरने की सरकार से मांग की है, ताकि लोगाें को मुश्किलों का सामना न करना पड़े । इस बारे में एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने कहा कि नायब तहसीलदार के रिक्त पद के बारे में उच्चाधिकारियों और प्रदेश सरकार को अवगत करवा दिया है। लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी है
