निर्माण के दो साल में ही उखड़ी सड़क

घनसाली (टिहरी)। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का किस तरह पालन किया जा रहा है, यह देखना हो तो लोनिवि के सड़क निर्माण कार्यों को देख लें। यहां मुख्य बाजार में दो वर्ष पूर्व किया गया डामरीकरण उखड़ चुका है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इनमें बरसात का पानी भरने से तालाब नजर आ रहे हैं। लोगों को पैदल तक चलने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय बाशिंदों ने लोनिवि को कई बार शिकायत की लेकिन विभागीय अफसरों को समस्या से कोई सरोकार नहीं है। नगरवासियों ने लोनिवि के ईई को ज्ञापन देकर क्षतिग्रस्त सड़क को तत्काल ठीक करने की मांग उठाई है।
मुख्य बाजार में वैरियर चौक से हनुमान मंदिर तक 2010 में लोनिवि ने 7 लाख की लागत से 800 मीटर सड़क का डामरीकरण किया था। सड़क पूरी तरह से उखड़ चुकी है। मार्ग पर गड्ढे बनने से इसमें बरसात में पानी जाता है। स्कूली बच्चों, राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने शीघ्र ही सड़क की मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। क्षेत्र के लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने जून माह में उक्त सड़क को सीसी मार्ग बनाने की घोषणा की थी लेकिन अब तक धनराशि स्वीकृत नहीं हुई है। ज्ञापन पर राजेंद्र थपलियाल, ज्योति प्रकाश गैरोला, रूकम लाल राही, बिंदन सिंह, देव सिंह, मोर सिंह, नाशिर ,गजेंद्र राम के हस्ताक्षर है। लोनिवि के ईई सुनील कुमार ने बताया कि सड़क पर सीसी निर्माण के लिए आगणन शासन को भेजा गया है।

Related posts