
रक्कड़ (कांगड़ा)। शिक्षा खंड रक्कड़ के तहत राजकीय उच्च पाठशाला भरोलीजदीद में निर्माणाधीन स्कूल भवन पर पेड़ गिरने से तीन कमरे क्षतिग्रस्त हो गए। शनिवार देर शाम बारिश के साथ आए तेज तूफान की वजह से स्कूल भवन पर एक पेड़ गिर गया। इससे निर्माणाधीन भवन की दीवारों को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को तेज हवाओं और बारिश से बड़ा पीपल का पेड़ निर्माणाधीन स्कूल भवन पर आ गिरा। इससे तीनों कमरों की निर्माणाधीन दीवार और लेंटर आदि को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलने पर एसएमसी प्रधान रत्न चंद जरियाल और शास्त्री अध्यापक देशराज व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इन कमरों का निर्माण डीसी हेड से स्वीकृत चार लाख रुपए की राशि से करवाया जा रहा है। लेकिन इस नुकसान के बाद लगता है कि भवन की निर्माण लागत बढ़ जाएगी। स्कूल भवन पर गिरे पेड़ को स्कूल प्रशासन या लोक निर्माण विभाग किसी ने भी हटाने की जहमत नहीं की है। रविवार देर शाम तक पीपल का पेड़ निर्माणाधीन स्कूल भवन पर गिरा हुआ है। पेड़ को जल्द न हटाने की सूरत में निर्माणाधीन स्कूल भवन को और नुकसान हो सकता है। लेकिन स्कूल प्रशासन व लोनिवि दोनों बेफि क्र होकर बैठे हैं।
बरसात से गिरा कच्चा मकान
भवारना (कांगड़ा)। ग्राम पंचायत भवारना के गांव भडगवार में वीरवार को इलाके में हो रही भारी बरसात के कारण कश्मीर सिंह का कच्चा मकान पूरी तरह से गिर गया। पंचायत प्रधान तनु भारती तथा पटवारी अजय पठानिया तथा पंचायत सदस्य केसरी देवी ने मौका देखा। पटवारी अजय पठानिया ने बताया कि उन्होंने उच्चधिकारियों को सूचित कर दिया है। प्रशासन हरसंभव सहायता करेगा।
