
नालागढ़ (सोलन)। बीबीएन गत्ता उद्योग संघ के प्रधान पद की कमान निर्मल सिंगला को सौंपी गई है। संघ के आयोजित द्विवार्षिक सम्मेलन में गठित नई कार्यकारिणी में अशोक राणा को महासचिव बनाया गया है। निर्मल सिंगला के नाम पर सभी सदस्यों ने सर्वसहमति जताई और सभी ने उनके नाम का समर्थन किया।
पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र जैन व संगठन के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश जैन ने नवनियुक्त अध्यक्ष निर्मल सिंगला को कार्यभार सौंपा गया। नवनियुक्त अध्यक्ष निर्मल सिंगला ने उपस्थित सदस्यों का आभार जताया और विश्वास दिलाया कि गत्ता उद्योगों को पेश आ रही समस्याओं को सभी के सहयोग से हल किया जाएगा। कार्यकारिणी में सुशील सिंगला, तेजेंद्र बंसल, हेमराज चौधरी को उपाध्यक्ष, अबलराम अग्रवाल को सह सचिव और विकास सिंगला को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं सतीश सैणी, मनोज कुमार, मुकेश भंसाली और राजीव धवन को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास निगम के निदेशक नियुक्त गए उद्योगपति गगन कपूर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल की गतिविधियां सदस्यों के समक्ष रखी।
वहीं महासचिव अशोक राणा ने कहा कि आने वाले समय में मंदी से जूझ रहे गत्ता उद्योगों का राहत दिलाने के लिए संघर्ष किया जाएगा। देश व प्रदेश की पेपर मिलों के बेवजह व बिना पूर्व सूचना के पेपर के दामों में की जा रही वृद्धि से भी गत्ता उद्योगों को नुकसान पहुंचता है जिसके चलते संघ ने कई बार पेपर मिलों की धक्केशाही को लेकर संघर्ष व हड़ताल भी की है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश जैन ने समस्त कार्यकारिणी से ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर औद्योगिक विकास निगम के निदेशक गगन कपूर, प्रदेश अध्यक्ष मुकेश जैन, सुरेंद्र जैन, अजय जैन, अशोक राणा, राज्य महासचिव अजय चौधरी, सुशील सिंगला, निर्मल सिंगला, करुण कश्मीरी, बलराम अग्रवाल, हेमराज चौधरी और बलदेव गोयल आदि मौजूद रहे।
