निर्धारित रूट पर नहीं चलेंगी निजी बसें

भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं-कुठेड़ा-बलद्वाड़ा सड़क की खस्ताहालत को लेकर निजी बस आपरेटर भड़क उठे हैं। ऑपरेटरों ने फैसला लिया है कि विरोध स्वरूप इस रूट से संबंधित निजी आपरेटर तीन जुलाई को बसें निर्धारित रूट पर नहीं चलाएंगे। इसी दिन उपायुक्त कार्यालय में अपने परमिट भी जमा करवाएंगे।
घुमारवीं में निजी बस आपरेटरों की बैठक वरिष्ठ आपरेटर अमरजीत सेन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निजी बस आपरेटरों ने सरकार से घुमारवीं – कुठेड़ा – बलद्वाड़ा सड़क की दयनीय स्थिति सुधारने की मांग की। इस दौरान अमरजीत सेन ने कहा कि सड़क खस्ताहाल होने के कारण आपरेटरों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सड़क की दयनीय हालत होने के कारण कई आपरेटर इससे पहले नुकसान झेल चुके हैं। निर्धारित समय पर गाड़ियां अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रही हैं। आपरेटरों ने बैंकों से ऋण लेकर गाड़ियां ली हैं, लेकिन नुकसान होने के कारण किश्तों की भी अदायगी नहीं हो पा रही है। बैठक में सुनील कुमार, रवि कुमार, जगतंबा, संतराम, प्रदीप, सुखलाल, जीवन सिंह, विनोद, कश्मीर सिंह, व्यास देव, सुनील, प्रयाग राज, माया देवी, अशोक कुमार, नवीन कुमार, पवन कुमार सहित अन्य आपरेटर मौजूद रहे।

Related posts