
रुड़की। नगर निगम के मुख्य नगर अधिकारी बीर सिंह बुदियाल के औचक निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी नदारद नजर आए। एमएनए ने कर्मचारियों को चेतवानी दी कि यदि दोबारा कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य नगर अधिकारी बीर सिंह बुदियाल बुधवार को सुबह दस बजे नगर निगम कार्यालय पहुंच गए थे। उन्होंने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर की जांच की तो पता चला कि कई कर्मचारी अभी कार्यालय ही नहीं पहुंचे हैं। नगर निगम के औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। देर से कार्यालय पहुंचने वाले कर्मचारियों को उन्होंने चेतावनी देकर छोड़ दिया। उन्होंने कर्मचारियों को हिदायत दी कि यदि भविष्य में ऐसी लापरवाही सामने आई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एमएनए ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वह जनता से जुड़े कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न बरतें।
