
भरमौर (चंबा)। भरमौर-थल्ला रोड का निरीक्षण करने गए पीडब्ल्यूडी के एसडीओ की गाड़ी पलट गई। इससे एसडीओ नीरज जम्वाल व उनके साथ मौजूद चौकीदार निक्कू राम घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर बाद एसडीओ नीरज जम्वाल अपने साथ चौकीदार निक्कू राम को लेकर थल्ला रोड की खस्ताहालत को लेकर मिली शिकायत के चलते यहां निरीक्षण करने गए हुए थे। इसी दौरान थल्ला-फनार मोड़ पर जब उनका वाहन जा रहा था, तो ऊपर से पत्थर गिरा जो उनकी गाड़ी से लगा और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इससे दोनों घायल हुए हैं। दोनों को भरमौर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार्यकारी खंड चिकित्सा अधिकारी विवेकशील ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है। थाना प्रभारी ज्ञान चंद ने बताया कि ऊपर से पत्थर गिरने के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
