
शिमला। सुजानपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र ठाकुर के सामने एक ओर कांग्रेस तो दूसरी ओर उनकी ही अपनी भाभी उर्मिल ठाकुर खड़ी हैं। खुद कुछ दिन पहले ही कांग्रेस से भाजपा में लौटे नरेंद्र ठाकुर के लिए यह चुनाव एक बड़ी चुनौती है। मंगलवार को चुनाव प्रचार के दौरान ही उन्होंने इंडियन बुलेटिन के पांच तीखे सवालों का सामना किया।
इंडियन बुलेटिन : आप भाजपा के खिलाफ तीन चुनाव लड़े। अब पार्टी में वापसी क्या टिकट की डील से ही हुई?
नरेंद्र ठाकुर : बिल्कुल नहीं। पहले ऐसा कुछ नहीं था। मेरे साथ कांग्रेस ने एक-डेढ़ साल से अच्छा बर्ताव नहीं किया। मैं धूमल के खिलाफ तब चुनाव लड़ा था, जब वह मुख्यमंत्री थे। बदले में कुछ नहीं मिला। कांग्रेसियों का व्यवहार भी बेहद खराब था। मैं फेड-अप हो गया था। इसलिए घर वापसी को मन किया।
इंडियन बुलेटिन : ये भी चर्चा है कि आपके होने वाले समधी रविंद्र रवि ने रास्ते के कांटे हटाने में काफी मदद की। क्या ऐसा है?
नरेंद्र ठाकुर : ऐसा कुछ भी नहीं है। मेरी सीधे धूमल और अन्य वरिष्ठ नेताओं से बात हुई। जब यह बात चल रही थी तो भाभी (उर्मिल ठाकुर) से भी पूछा। चर्चा की। उन्होंने ने भी इस कदम को सही माना। भाजपा ज्वाइन करती बार वह मेरे साथ थीं। लेकिन अब रविंद्र रवि को बेवजह बीच में लाया जा रहा है। सब जानते हैं कि यह झूठ है।
इंडियन बुलेटिन : पहले आप कांग्रेस में थे और अब आपकी भाभी कांग्रेस में गई हैं। अब आपके पिता ठाकुर जगदेव चंद की राजनीतिक विरासत का असल वारिस कौन है?
नरेंद्र ठाकुर : देखिए! पिता का असल वारिस यदि लीगल रूप से बेटा ही होता है (हंसते हुए)। और यदि राजनीतिक आधार पर भी देखा जाए, तो मेरे पिता जनसंघ के बाद से आजीवन भाजपा के सेवक रहे तो वारिस तो हर तरह से अब मैं हूं।
इंडियन बुलेटिन : उर्मिल कहती हैं कि टिकट देने के बावजूद धूमल आपको हरवा देंगे। क्या हारने के लिए लड़ रहे हैं चुनाव?
नरेंद्र ठाकुर : ये निराशा में दिए गए बयान हैं। कांग्रेस के कुछ लोग उनके मुंह में शब्द डाल रहे हैं। जबरदस्ती प्रेस वार्ता करवा रहे हैं। क्या बोलना है यह तय हो रहा है। मैं धूमल के साथ मंगलवार शाम को एक कार्यक्रम में था। हम हमीरपुर संसदीय सीट और सुजानपुर विधानसभा सीट जीतने के लिए जी जान लगा रहे हैं। आपस में न मतभेद है या न ही मनभेद। अब बोलने वालों को कौन रोक सकता है। खासकर 16 मई से पहले। उसके बाद सब बदल जाएगा।
इंडियन बुलेटिन : आखिर लोग क्यों वोट देंगे आपको? किन मुद्दों पर लड़ेंगे?
नरेंद्र ठाकुर : यहां तीन मुख्य मसले हैं। पहला यह कि नरेंद्र मोदी की पूरे देश में लहर चल रही है। हमीरपुर और सुजानपुर में भी इसका लाभ हमें मिल रहा है। दूसरा हमीरपुर का आज तक जितना भी विकास हुआ है, वह भाजपा सरकारों ने किया है। तीसरा यह कि कांग्रेस सरकारों ने हमीरपुर जिला के साथ हमेशा अन्याय किया। अनदेखी हुई। यहां से सरकारी दफ्तर बदले गए। बिलासपुर में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज नहीं खुलने दिया। यही मेरे चुनावी मुद्दे हैं।
