
सैंज (कुल्लू)। पूर्व वन मंत्री खीमीराम ने भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर के लिए सैंज घाटी में डोर टू डोर प्रचार किया। पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जयराम की जीत सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की गलत नीतियों से अवगत करवाएं। शैंशर में चुनावी सभा में खीमीराम ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का पांच माह का कार्यकाल पूरी तरह से निराशाजनक रहा है। बंजार क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े हैं। प्रदेश की कांग्रेस सरकार बदला-बदली की भावना से काम कर रही है। सड़कों का निर्माण कार्य बंद पड़ा है और कांग्रेस के लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं।
खीमीराम शर्मा ने कहा कि प्रतिभा सिंह ने सांसद रहते हुए क्षेत्र की अनदेखी की है। पंडित खीमीराम ने न्यूली, करहाट, मातला, देहुरी और दुशाहड़ आदि गांवों में जनसभाएं की। खीमीराम शर्मा ने घाटी के शलवाड, कनौन, धाऊगी, टिलगा, सैंज, शरण, रैला का शुक्रवार को दौरा किया। शनिवार को खीमीराम शर्मा ने करहाह, मातला, न्यूली, शैंशर, देहूरी और दुशाहड़ पंचायत के अनेकों गांवों में जयराम ठाकुर के लिए वोट मांगे। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर, बंजार युवा मोर्चा अध्यक्ष हरिराम चौधरी, शैंशर पंचायत की प्रधान मीरा देवी, शक्ति केंद्र के अध्यक्ष रेवती राम पालसरा, नारायण सिंह, समिति सदस्य चंदी देवी, युवा नेता मान सिंह, रूपेंद्र राणा तथा युवा मोर्चा के यानदत्त मौजूद रहे।
