
रामपुर बुशहर। सेब पेटी पर ली जा रही मार्केट फीस वसूली खत्म करने समेत अन्य कई समस्याओं को लेकर वामपंथियों ने निरमंड में हल्ला बोला। बाजार में प्रदर्शन करने के बाद कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा।
किसान सभा के आह्वान पर भारतीय ट्रेड यूनियन, सेब उत्पादक संघ समेत अन्य वामपंथी संगठनों के कार्यकर्ता मंगलवार को निरमंड में एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। वामपंथियों ने सेब की पेटी पर मार्केट फीस लेने पर ऐतराज जताया और सरकार से मांग की कि इस प्रथा को तुरंत बंद किया जाए।
वामपंथियों ने कहा कि इसके चलते बागवानों को नुकसान हो रहा है। वामपंथी कार्यकर्ताओं ने निरमंड ब्लॉक के भीतर सड़कों की हालत सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग प्रदेश सरकार से की जिससे सेब सीजन में पेटियों की ढुलाई प्रभावित न हो। साथ ही निरमंड, बाहवा और भालसी पंचायत में गैस सिलेंडरों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी। प्रदर्शन में रामपुर प्रोजेक्ट के प्रभावितों को फसलों और मकानों में आई दरारों का मुआवजा शीघ्र देने, चाटी पुल का कार्य जल्द शुरू करने, मिड डे मील और आंगनबाड़ी वर्क र्स को नियमित करने, शिक्षा के निजीकरण को बंद करने और मनरेगा की दिहाड़ी 150 रुपये तय करने की मांग भी की गई। मांगों को जल्द पूरा न करने पर एक अगस्त को फिर से निरमंड में विरोध प्रदर्शन की चेतावनी कार्यकर्ताओं ने दी। प्रदर्शन में किसान सभा निरमंड के सचिव पूर्ण ठाकुर, सीटू के अनिल कुमार, सेब उत्पादक संघ के क्षेत्रीय कमेटी सचिव कुलदीप डोगरा, एसएफआई के सुरेश कुमार, सुभाष, परस राम, रामदास, पूने राम, दुर्गा सिंह, रूपलाल और विनोद आदि शामिल रहे।
