
कांगड़ा। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की टांडा इकाई ने 41 सूत्रीय मांग पत्र कालेज के प्राचार्य डा.अनिल चौहान को सौंपा। मांग पत्र में महासंघ के सदस्यों ने कालेज की विभिन्न समस्याओं को प्राचार्य के समक्ष उठाया। कालेज के प्राचार्य ने संघ की मांगों को हल करने का आश्वासन दिया है। इकाई के अध्यक्ष एसएस राणा ने बताया कि मांग पत्र में मुख्य रूप से टांडा के विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने और आईजीएमसी की तर्ज पर नए पद स्वीकृत करने की मांग उठाई गई। उन्हाेंने बताया कि रिक्त पदों के कारण कर्मियों पर काम का बोझ बढ़ने से कार्य प्रभावित हो रहे हैं। महासंघ ने आरकेएस के तहत पार्ट टाइम पर रखे गए कर्मियों को नियमित करने की मांग भी उठाई। आरकेएस के तहत कई ऐसे कर्मी हैं, जिन्हें काम करते कई वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी तक नियमित नहीं किया गया है। साथ ही आपातकालीन कक्ष में बारी बारी सभी चिकित्सकों को तैनात करने और यहां पर व्यवस्थाओं में और सुधार लाने की मांग रखी। मांग पत्र में मेडिकल कालेज टांडा के कर्मियों की आवासीय सुविधा के समाधान, कई क्वार्टरों की मरम्मत, आईसीयू में एसी की सुविधा बहाल करवाने, मरीजों के तीमारदारों को ठहरने की उचित व्यवस्था बनाने जैसी मांगें उठाई। राणा ने बताया कि अधिकतर मांगों के हल का आश्वासन प्राचार्य ने दिया है। इस मौके पर महासंघ के उपाध्यक्ष विशाल शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान लीला देवी, नर्सिंग स्टाफ एसोसिएशन की अध्यक्ष ऊषा गुप्ता, सदस्य किरण बाला, नीना, चतुर्थ श्रेणी एसोसिएशन के प्रधान भूप सिंह, महासचिव अनिल शर्मा, मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित सूद, महासचिव रमेश पंजवाल, लेबोरेट्री एसोसिएशन के प्रधान सर्वजीत व महासचिव प्रदीप सिंह भी उपस्थित थे।
