
कांगड़ा। मैकलोडगंज के समीप आयोजित फुलमून पार्टी में हिरासत में लिए गए निफ्ट संस्थान के छात्रों पर प्रबंधन जांच बिठाने जा रहा है। संस्थान सोमवार को इस मामले की अपने स्तर पर जांच करने के लिए कमेटी का गठन होने जा रहा है। दो दिनों के भीतर कमेटी अपनी जांच प्रबंधन को सौंपेगी। यदि जांच छात्रों के खिलाफ आती है तो प्रबंधन उन पर संस्थान के नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा। मामले की सूचना प्रबंधन ने दिल्ली स्थित उच्च संस्थान के अधिकारियों को भी दे दी है।
सूत्र बताते हैं कि उच्चाधिकारियों की तरफ भी इस मामले की गहनता से जांच किए जाने के दो टूक निर्देश संस्थान को मिले हैं। संस्थान जांच के बाद ही अगली कार्रवाई की बात कह रहा है। संस्थान के नियमों को ठेंगा दिखाकर फुलमून पार्टी में मस्ती करने वाले छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए प्रबंधन ने जांच करने की बात कही है। इसके लिए बाकायदा कमेटी का गठन किया जा रहा है। फिलहाल संस्थान की ओर से प्रांरभिक छानबीन में यह खुलासा हुआ है कि पार्टी में पकड़े गए छात्र हास्टल में नहीं रहते हैं। सभी छात्र चौथे सेमेस्टर में पढ़ रहे हैं। संस्थान में फाइव डे वीक होने की वजह से शनिवार को कमेटी गठित नहीं हो पाई है। सोमवार को जांच कमेटी का गठन करने के बाद मामले की छानबीन शुरू की जाएगी।
निफ्ट संस्थान के डायरेक्टर बाला सिद्धार्थ ने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले छात्रों की सूचना उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली। मामले में जिन छात्रों के नाम सामने आए हैं, वे हास्टल के बजाय संस्थान के बाहर रहते हैं। अभी तक मामले की कोई अधिकारिक जानकारी उनके पास नहीं पहुंची है। मामले को लेकर जांच की जाएगी।
